पुराने बागीचे में नये पौधे : [भाग-1]
बागीचा, एक बागवान के लिए आय का मुख्य स्त्रोत होता है, शुरू के कुछ वर्षों तक एक बच्चे की भांति पालन पोषण करने के बाद यदि फल अच्छा न हो तो अत्याधिक निराशा होती है | कुछ बागवान जल्दबाजी में ही बगीचा लगा देते हैं परिणामस्वरूप बाद में पछताना पड़ सकता है | एक तरफ तो हम अपने महत्वपूर्ण कार्य जैसे घर बनाना, बच्चों की शिक्षा आदि पूरी योजनाबद्ध तरीके के साथ करतें हैं लेकिन दूसरी तरफ बगीचा, जो हमें 25 – 30 सालों तक फल देगा, क्या उसको आनन-फानन में लगा देना सही है ? नए बागीचे लगाने की योजना समय रहते कर देनी चाहिए | नया बागीचा लगाने से पूर्व कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना आवश्यक है :
वैरायटी और रूटस्टाक : अपनी जलवायु और मिट्टी की संरचना के आधार पर रूटस्टाक और वैरायटी का चयन कर लें | रूटस्टाक और वैरायटी का चयन में पानी की उपलब्धता अहम् भूमिका अदा करती है | यदि पानी का स्त्रोत उपलब्ध तो हो बागीचा लगाने से पहले पानी के टैंक का निर्माण कर लें |
ट्रेनिंग सिस्टम : आप ने पौधों के लिए कौन सा ट्रेनिंग सिस्टम चुना है, इसी के अनुसार पौधों की दुरी तय की जाती है | यदि सघन खेती में लगाये गये पौधों की ट्रेनिंग और प्रूनिंग पुराने तरीके से की गयी तो वह जंगल ही बन जाएगा |
बगीचे का अभिविन्यास (Orientation ) : बगीचे का अभिविन्यास ऐसी दिशा में होना चाहिए ताकी सूर्य के प्रकाश का अधिकतम दोहन किया जा सके |
4 पौधे के बीच की दूरी : पौधे से पौधे और लाइन से लाइन के बीच की दुरी वैरायटी और रूटस्टाक, मिट्टी के प्रकार, पानी की उपलब्धता, ट्रेनिंग सिस्टम और दिए गये पोषक तत्वों के समय और मात्रा पर निर्भर करता है |
5 अच्छी गुणवता की पौध : पौधा लेते समय ध्यान रखें कि पौधा अच्छी नर्सरी से लिया गया हो जिसकी जड़ें वूली एफिड, हेयरी रूट, स्केल, गाठें और अन्य बीमारियों रहित होनी चाहिए | रोपण से पहले पौधे की जड़ों को 200 ग्राम बाविस्टिन + 500 मिली लिटर क्लोरोपायरिफोस के घोल में 30 मिनट तक डुबो कर रखें |
पुराना बागीचा उखाड़ कर नया लगाना : पुराने बगीचे को उखाड़ कर यदि नया लगाना हो तो गड्डे में 500 ग्राम सिंगल सुपर फास्फेट के साथ 500 ग्राम सफ़ेद सरसों की खल डालें |
7 परागण किस्में : कम से कम 30% परागण किस्में बागीचे में जरुर लगायें | परागकण किस्मों का चयन इस प्रकार से करें ताकी वो व्यावसायिक किस्म से मेल खा जाये | 3-4 या इससे अधिक परागण किस्मों का होना आवश्यक है |
सभी बागवान प्योंद लगे पौधे (Grafted Plants ) नहीं खरीद सकते, उन्हें चाहिए कि वो अपने घर के समीप 1X1 फुट पर नर्सरी में पौध लगा कर ग्राफ्ट करें | कम क्षेत्र में लगे इन पौधों की ग्रोथ भी अच्छी होगी और पैसे की बचत भी होगी | 1 अथवा 2 वर्ष पश्चात् इन पौधों को अपने वास्तविक स्थान (बगीचे) में शिफ्ट कर दें |
एक अच्छा घर बनाने के लिए मजबूत नींव का होना जरुरी होता है | अतः अपने बागीचे की नींव अच्छी गुणवत्ता के पौधे वैज्ञानिक ढंग से लगा कर मज़बूत करें ताकि आप अपनी मेहनत के फल का मीठा स्वाद चख सकें |



